: हरदा नगर पालिका परिषद की बैठक में स्व. माणिक वर्मा और स्व. श्याम साकल्ले को सम्मानित करने के लिए दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव
Barkat Qureshi / Fri, Dec 6, 2024 / Post views : 320
मूंदी नगर परिषद की आगामी बैठक में नगर के दो प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के लिए दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाने की पहल की गई है। नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने इन प्रस्तावों को प्रस्तुत किया है।
पहला प्रस्ताव हरदा के गौरव, प्रख्यात व्यंग्यकार, साहित्यकार, और समाज सुधारक स्वर्गीय श्री माणिक वर्मा जी के सम्मान में वार्ड क्रमांक 20, स्वामी विवेकानंद वार्ड, सब्जी मंडी चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने और इस चौराहे का नामकरण "माणिक दा चौक" के रूप में करने का है। श्री माणिक वर्मा ने अपने साहित्यिक और सांस्कृतिक योगदान से हरदा का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। यह प्रस्ताव उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का उद्देश्य रखता है।
दूसरा प्रस्ताव वरिष्ठ साहित्यकार, अधिवक्ता, और समाजसेवी स्वर्गीय श्री श्याम जी साकल्ले के सम्मान में वार्ड क्रमांक 18, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड, सनफ्लावर स्कूल के सामने स्थित नगर पालिका उद्यान का नाम "स्वर्गीय श्री श्याम जी साकल्ले उद्यान" करने का है। श्री साकल्ले ने हरदा में साहित्यिक और कानूनी क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दिया है।
नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने कहा कि, "हरदा के ये दो महान व्यक्तित्व, श्री माणिक वर्मा और श्री श्याम साकल्ले, हमारे नगर की साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक धरोहर हैं। इनके नाम पर चौराहे और उद्यान का नामकरण करना उनके प्रति हमारी कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक होगा।"
इन प्रस्तावों को नगर पालिका परिषद की बैठक में रखकर स्वीकृति देने का अनुरोध किया गया है। यह पहल हरदा के साहित्य और समाज सुधार की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ियों तक पहुँचाने का कार्य करेगी।विज्ञापन
विज्ञापन